जिला कारागार में बेकरी प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना को 3.90 लाख स्वीकृत।
संतकबीरनगर: जिला कारागार में कैदियों के कौशल विकास के लिए एक नई पहल शुरू होने जा रही है। क्रिटिकल गैप विकास योजना 2024-25 के तहत जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जिला कारागार में बेकरी उत्पाद प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए 3.90 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस परियोजना का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (लो.नि.वि.), प्रांतीय खंड, संतकबीरनगर द्वारा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह केंद्र कैदियों को बेकरी उत्पादन का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा। स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल इसी उद्देश्य के लिए किया जाएगा और 31 मार्च, 2025 तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। अप्रयुक्त धनराशि को उक्त तिथि से पहले समर्पित करना होगा। साथ ही, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जेम पोर्टल और निर्धारित नियमों के तहत खरीदी जाएगी।















