जिला अस्ताल में प्रधान की जेब से उचक्के ने निकाल लिया 19 हजार रुपये।
-तीन दिन पूर्व बाइक से गिरने से प्रधान के बेटे की टूट गई थी हड्डी
-प्रधान घायल बेटे को लेकर उपचार कराने आए थे जिला अस्पताल
-पर्ची बनवाने से लेकर ब्लड जांच कक्ष तक प्रधान के साथ गया था एक युवक
-सूचना पर कलेक्ट्रेट चौकी के पुलिस कर्मी हुए सक्रिय
——————————————————————
संतकबीरनगर।।
जिला अस्पताल में बेटे की दवा कराने आए दुधारा क्षेत्र के एक प्रधान की जेब से मंगलवार को उचक्के ने 19 हजार रुपये निकाल लिया। पीड़ित प्रधान की सूचना पर कलक्ट्रेट चौकी इंचार्ज तत्काल सक्रिय हो गए और जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
विकास खंड सेमरियावां के ग्राम पंचायत पचपोखरिया के रहने वाले प्रधान मोहम्मद असफाक ने बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा फैजान तीन दिन पूर्व बाइक से गिर गया था। हादसे में बेटे की पसली की हड्डी टूट गई है। बेटे को लेकर मंगलवार को उपचार कराने जिला अस्पताल आए थे। काउंटर पर पर्ची बनवाने के दौरान एक संदिग्ध युवक पास में खड़ा था। युवक उसके पीछे-पीछे ब्लड जांच कराने तक गया। वह कुर्ता-पैजामा पहने थे और कुर्ते की जेब में 19 हजार रुपये रखे थे। जब उन्हें पैसे की जरूरत हुई और जेब चेक किए तो रुपये नहीं थे। उन्हें शक है कि उसी युवक ने उनकी जेब से रुपये निकाल लिया। युवक चुल्ला पहने था और गोरे रंग का था। पीड़ित प्रधान ने तत्काल इसकी सूचना कलक्ट्रेट चौकी इंचार्ज अनिल पांडेय को दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज सक्रिय हो गए और करीब तीन घंटे तक जिला अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। बाद में पीड़ित प्रधान के भाई जिला पंचायत सदस्य अख्तर खान ने भी पुलिस से जांच पड़ताल कर कार्रवाई किए जाने की बात कही। चौकी इंचार्ज अनिल पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















