पहली पत्नी ने पहुंच कर शादी में किया बवाल,घराती- बराती भिड़े।
-खूब चले लात-घूसे, दूल्हे के चालक का फूटा सिर
-घटना से कायम हो गया अफरा-तफरी का माहौल
-सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर गई कोतवाली
-कोतवाली में सुलह-समझौते का दौर जारी
संतकबीरनगर ।।
खलीलाबाद शहर के एक मोहल्ले में सोमवार को आई बरात में पहुंची पहली पत्नी ने बवाल कर दिया। बराती पक्ष द्वारा मामला छुपा कर दूल्हे की दूसरी शादी करने की जानकारी होते ही घराती पक्ष उग्र हो गया। घराती और बरातियों में कहासुनी होते-होते लात-घूसे और बेल्ट चलने लगे। मारपीट की घटना में दूल्हे के चालक का सिर फूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई। देर शाम तक इस मामले में सुलह-समझौते का प्रयास जारी था।
धनघटा थाना क्षेत्र की रहने वाली पहली पत्नी का आरोप है कि 27 फरवरी 2019 को उसकी शादी महुली क्षेत्र के रहने वाले दूल्हा बने युवक से हुई थी। दोनों से पैदा एक पांच साल का बेटा है। उसके पति अक्सर उसे प्रताड़ित करते रहते थे। जिसकी वजह से पति-पत्नी के बीच संबंध खराब हो गया। उसने मुकदमा दर्ज कराया है, जो अभी कोर्ट में विचाराधीन है। बिना उससे तलाक हुए ही पति ने चुपके से दूसरी शादी खलीलाबाद के एक मोहल्ले में तय कर दिया। सोमवार को दूल्हा बन कर पति बरात लेकर पहुंच भी गया। इसकी भनक लगते ही वह अपने मायके वालों के साथ बरात में पहुंच गई और मामले की जानकारी घरातियों को दी। इसके साथ ही 112 नंबर पुलिस टीम को सूचना दी। इधर 112 नंबर की टीम पहुंची कि उसके पहले तथ्य छुपा कर दूसरी शादी करने की वजह से घराती और बराती पक्ष में कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ जाने पर मारपीट होने लगी। मारपीट में दूल्हे के चालक का सिर फूट गया। डायल 112 नंबर के साथ ही कोतवाल सतीश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई। बाद में तीनों पक्ष कोतवाली पहुंच गया। खलीलाबाद शहर के रहने वाले दूल्हन के चाचा का आरोप है कि शादीशुदा होने और पांच साल के बच्चे का बाप होने के बाद भी दूल्हा बन कर आए युवक ने इसकी जानकारी नहीं दी। मामला छुपा कर उसकी भतीजी से दूसरी शादी रचाने बरात लेकर पहुंच गया। अच्छा हुआ कि शादी की रश्म से पहले ही पहली पत्नी ने पहुंच कर हकीकत बता दी। जिससे शादी नहीं हो पाई, लेकिन बराती पक्ष मारपीट पर आमादा हो गए। उसके घर पर शादी के लिए सभी तैयारी हो चुकी थी। यहां तक भोजन आदि भी बन चुका था। बराती पक्ष नाश्ता भी कर चुका है। दूल्हा और उसके घर वाले धोखा देकर शादी करना चाहते थे और अब धमकी दे रहे हैं।
——————————————-
पहली पत्नी धनघटा क्षेत्र की रहने वाली है। जबकि दूल्हा बन कर दूसरी शादी रचाने आया पति महुली क्षेत्र का निवासी है। जिस दूसरी युवती से शादी करने आया था, वह खलीलाबाद शहर की रहने वाली है। पहली पत्नी ने ऐन मौके पर पहुंच कर शादी रोकवा दी। कहासुनी के बाद घराती और बराती पक्ष हाथापाई किए। सूचना पर पहुंच कर पुलिस ने विवाद शांत कराया। दूल्हे को हिरासत में ले लिया गया है। पहली पत्नी कोई कार्रवाई नहीं चाह रही थी और अपने लोगों के साथ चली गई। जबकि दोनों पक्ष आपस में बातचीत करके मामला सुलटाने में जुटे हुए हैं। यदि तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।
सतीश सिंह,
कोतवाल खलीलाबाद















