सऊदी अरबिया से लौटा,मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार।
– मुंबई से ट्रांजिट रिमांड लेकर आई संतकबीरनगर जिले की पुलिस
– फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में पुलिस ने जारी किया था लुक आउट सर्कुलर
– फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी
—————————————————————
संतकबीरनगर।
फर्जी पासपोर्ट के सहारे सऊदी अरिबया की यात्रा करके लौटने वाले युवक को छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन की सूचना पर जिले की पुलिस टीम मुंबई पहुंची और ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को शुक्रवार को लेकर जिले में आई। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ करने में जुटी थी।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने पासपोर्ट सत्यापन में अनियमितता की शिकायत पर पूर्व सीओ अंशुमान मिश्रा से जांच कराई थी। जांच में वर्ष 2020-21 में कुल 101 पासपोर्ट के सत्यापन में हेराफेरी का मामला सामने आया था। 96 ऐसे लोगों को पासपोर्ट सत्यापित कर दिया गया था,जो दर्शाए गए पते पर रहते ही नहीं थे। वे लोग दूसरे जिले के निवासी है। इनमें कई लोगों का नाम पता गलत दर्शाया गया था। इसके अलावा कई ऐसे लोगों का पासपोर्ट सत्यापित कर दिया, जिस पर आपराधिक केस दर्ज है। 47 लोग गलत नाम पते पर पासपोर्ट बनवा कर कांगों,दुबई, बैंकाक, कुवैत,इराक,थाईलैंड,सऊदी आदि देशों में चले गए है। ऐसे कुछ लोगों को चिन्हित कर पकड़ने के लिए पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। विवेचक सीओ अजीत चौहान ने बताया कि लुक आउट सर्कुलर के जरिए चार नवंबर को छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद अधिकारियों ने फर्जी पासपोर्ट के सहारे सऊदी अरबिया की यात्रा कर लौटने वाले आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर मगहर चौकी इंचार्ज मनीष जायसवाल और हेड कांस्टेबल संपूर्णानंद यादव को पांच नवंबर को मुंबई भेजा गया। पकड़े गए आरोपी को इमिग्रेशन ने पुलिस स्टेशन सहार मुंबई को सुपुर्द किया था। वहां से ट्रांजिट रिमांड पर पुलिस टीम आरोपी को लेकर जिले में लौटी। पकडे गए आरोपी से पूछताछ की जा रही। पूछताछ और जांच पड़ताल में फर्जी पासपोर्ट प्रकरण में उसकी भूमिका मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















