पुलिस की गाड़ी से महिला घायल, घायल महिला को छोड़कर भागने का आरोप।
गोरखपुर।सहजनवां। गुरुवार की शाम को सहजनवां घघसरा मार्ग पर तेज रफ्तार पुलिस की गाड़ी ने एक महिला को टक्कर मार दी। पुलिस कर्मी महिला को सड़क पर घायल हालत में छोड़ कर भाग गए। सूचना पर पहुंचे स्वजन घायल को इलाज के लिए सीएचसी लेकर आए लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सहजनवां थाना क्षेत्र के डोहरिया कला निवासी राम किशुन गांव के पास ही एक निजी विद्यालय में चौकीदार का कार्य करते है। गुरुवार की शाम सात बजे के आसपास राम किशुन को चोट लगने की सूचना 50 वर्षीय पत्नी भानमती देखने के लिए घर से अकेली निकली। गांव के बाहर अभी वह सहजनवां घघसरा मार्ग पर पहुंची ही थीं कि तेज रफ्तार पुलिस की हाक गाड़ी ने टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही भानमती सड़क पर गिर कर घायल हो गई और हाक दस्ता के सिपाही महिला की मदद के बजाय मौके से फरार हो गए। ग्रामीण की सूचना पर स्वजन पहुंचे और महिला को एंबुलेंस से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवां लेकर आए। प्राथमिक उपचार के हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। महिला के सिर और कमर में गंभीर चोट लगी है। पुलिस की गाड़ी से ठोकर लगने के बाद पुलिस कर्मियों मौके से भाग जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।















