धूमधाम से मनाया गया बसंत पंचमी का पर्व
संतकबीरनगर। सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल खलीलाबाद में बुधवार को बसंत पंचमी का पर्व मनाया गया। इस दौरान मां सरस्वती का विधि-विधान व मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन किया गया।
प्रबंधक डॉ उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहाकि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार बसंत पंचमी के दिन ही विद्या की देवी मां सरस्वती का जन्म हुआ था। इसलिए बसंत पंचमी के दिन सरस्वती पूजा आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि इंसान की तरक्की में साधना का अहम योगदान होता है। बसंत पंचमी के अवसर पर सभी को मां सरस्वती की पूजा करनी चाहिए और सुख शांति के लिए प्रार्थना करना चाहिए। उन्होंने सभी छात्र-छात्रों से अनुशासन के प्रति जागरूक रहने की जरूरत पर भी बल दिया। प्रबंध निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने कहाकि विद्या और बुद्धि की देवी मां सरस्वती की उपासना आज के दिन की जाती है। इसी उपासना के पर्व को बसंत पंचमी कहते है। इसके अलावा संगीत कला और आध्यात्म का आशीर्वाद भी इस काल में लिया जा सकता है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव, डॉ चिंतामणि उपाध्याय, घनश्याम त्रिपाठी, आशुतोष पांडेय, नितेश त्रिवेदी आदि मौजूद रहें।















