सीएम योगी ने मिशन शक्ति जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश लेकर निकली रैली
महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ सुरक्षित माहौल बनाने पर जोर
गोरखपुर। नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से मिशन शक्ति जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति अभियान के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि महिलाओं का सम्मान, उनकी सुरक्षा और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों और सहायता सेवाओं की जानकारी देने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम करना और जरूरत पड़ने पर उन्हें सहायता उपलब्ध कराना है।
रैली के माध्यम से आमजन से महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और उनके लिए सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।















