बालिकाओं ने किया कसरवल और समधिया पुलिस चौकियों के नए भवनों का उद्घाटन
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत एसपी उत्तरी राजेश धुनावत ने महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जागरूक
गोरखपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6 के तहत रविवार को सहजनवां थाना क्षेत्र में महिला सशक्तीकरण की अनूठी पहल की गई। बालिकाओं के हाथों पुलिस चौकी कसरवल और समधिया के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन कराया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में एसपी उत्तरी राजेश धुनावत ने बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करना चाहिए। महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की अपील की। कहा कि ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के लिए अनजान लोगों के साथ पासवर्ड, ओटीपी और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा अनजान लोगों के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन करने से भी बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल देने के साथ उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। मिशन शक्ति अभियान इसी उद्देश्य से महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक कर रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी गीडा आभा सिंह, थानाध्यक्ष सहजनवां संजय कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















