सूर्या स्कूल में गुरुजनों का सम्मान, विद्यार्थियों ने काटा केक
एमडी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी व निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
संतकबीरनगर। सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल खलीलाबाद में शिक्षक दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। प्लेवे से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
छात्र-छात्राओं ने एमडी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, निदेशिका सविता चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव समेत शिक्षकों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद शिक्षकों के साथ केक काटकर उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद लिया।
एमडी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के साथ उन्हें सही दिशा और संस्कार देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सदैव सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।















