तिरंगे के साथ निकली अखंड हिंद फौज के विद्यार्थियों की तिरंगा यात्रा

तिरंगे के साथ निकली अखंड हिंद फौज के विद्यार्थियों की तिरंगा यात्रा

देशभक्ति के नारों और धुनों से गूंजा शहर, युवाओं को अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश

संतकबीरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रहलाद राय बालिका विद्यालय से अखंड हिंद फौज के विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा यात्रा एवं नगर परेड निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति की धुनों के बीच निकले विद्यार्थियों ने लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का संचार किया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यूथ आइकन अवार्डी प्रदीप सिसोदिया, डॉ. सोनी सिंह एवं शुभम राय ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र के प्रति युवाओं की जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

मुख्य अतिथि प्रदीप सिसोदिया ने कहा कि अखंड हिंद फौज की स्थापना 23 जनवरी 2007 को बुंदेलखंड के बांदा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर की गई थी। संगठन नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आचार्य चाणक्य के विचारों से प्रेरित होकर युवाओं में अनुशासन, चरित्र निर्माण तथा शारीरिक और मानसिक मजबूती विकसित करने पर जोर देता है। इसके तहत तीन वर्षीय पुलिस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के लिए अहिंसक आंदोलनों के साथ-साथ देश के युवाओं और क्रांतिकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों का अनुशासन और उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ अनुशासन, चरित्र निर्माण और देशसेवा के लिए प्रेरित किया गया।

Previous articleडीआईजी ने तिरंगा रैली को दिखाई हरी झंडी, पुलिस बल के साथ खुद भी बने यात्रा का हिस्सा  पुलिस लाइन से निकली रैली ने शहर को रंगा देशभक्ति के रंग में, कबीर तिराहा, झंडा तिराहा और कंपनी बाग से होकर गुजरी यात्रा
Next articleसफाई योद्धाओं और युवा स्वयंसेवकों को मिला सम्मान, श्रम को सलाम 130 सफाईकर्मियों को प्रमाणपत्र-स्मार्टवॉच और 140 युवा स्वयंसेवकों को प्रमाणपत्र-एयरपॉड्स देकर बढ़ाया हौसला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here