पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे पर 10 हजार पौधों का महाअभियान, सीएम योगी करेंगे शुभारंभ

पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे पर 10 हजार पौधों का महाअभियान, सीएम योगी करेंगे शुभारंभ

पिपरौली। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से रविवार को पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे पर 10 हजार पौधों के वृहद पौधारोपण अभियान का शुभारंभ होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहजनवा तहसील क्षेत्र के भगवानपुर टोल प्लाजा पहुंचकर इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन, वन विभाग और संबंधित एजेंसियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद कर दी गई है।

यह पौधारोपण अभियान एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से सातवें किलोमीटर तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को एक हरित गलियारे (ग्रीन कॉरिडोर) के रूप में विकसित करना है, जिससे प्रदूषण में कमी आने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभियान में बरगद, पीपल, शीशम, अर्जुन, जामुन, आम और कचनार जैसे छायादार, फलदार तथा औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। बरगद और पीपल पर्यावरण संतुलन एवं ऑक्सीजन के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं, जबकि अर्जुन और कचनार अपने औषधीय गुणों के लिए प्रसिद्ध हैं। जामुन और आम भविष्य में पक्षियों एवं यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होंगे।

प्रशासन का मानना है कि एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होने वाली यह हरित पट्टी कार्बन उत्सर्जन को कम करने, धूल एवं गर्मी के प्रभाव को नियंत्रित करने और जैव विविधता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अभियान के तहत लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण, सिंचाई और नियमित देखभाल की भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि पौधों की जीवित रहने की दर अधिकतम रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान से प्रेरणा लेकर अपने घर, खेत, विद्यालय या सार्वजनिक स्थान पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके।

Previous articleइनर व्हील क्लब ने बढ़ाया मदद का हाथ, दो किडनी मरीजों को डायलिसिस के लिए आर्थिक सहयोग
Next articleएम्स गोरखपुर में गैस्ट्रो वार्ड शुरू, पूर्वांचल के मरीजों को मिलेगी विशेषज्ञ उपचार की सुविधा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here