टीजीटी परीक्षा शांतिपूर्ण कराने को पुलिस मुस्तैद, एएसपी ने किया निरीक्षण
सीसीटीवी से लेकर डायल-112 तक अलर्ट, एएसपी ने जांची तैयारियां
संतकबीरनगर। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बुधवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में किए गए निरीक्षण के दौरान एएसपी ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए सुचारु एवं व्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
एएसपी ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था को रोकने के लिए सघन निगरानी की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनपदीय कंट्रोल रूम और डायल-112 को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं जनपद पुलिस ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।















