झपटमारी गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; छह मोबाइल, तमंचा और बाइक बरामद
संतकबीरनगर। जिले में झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में झपटमारी के मामले से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह लूटे गए मोबाइल फोन, एक अवैध .315 बोर तमंचा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मेहदावल बाइपास रोड चौराहे के पास से अवधेश कुमार धुरिया निवासी कसैला, सौरभ यादव निवासी कसैला तथा प्रभात यादव निवासी निखरतपार को गिरफ्तार किया गया।
झपटमारी गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; छह मोबाइल, तमंचा और बाइक बरामदपुलिस के अनुसार 30 मई को गौसपुर निवासी महातम ने कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर बताया था कि वह बरदहिया बाजार जा रहे थे। विधियानी तिराहे के आगे ओवरब्रिज पर मोबाइल से बात करते समय बाइक सवार चार युवकों ने उनका मोबाइल झपट लिया। आरोपियों के पास तमंचा होने के कारण वह विरोध नहीं कर सके। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ बरदहिया, गोला, विधियानी, मगहर और कटबंध समेत विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर लोगों को तमंचा दिखाकर मोबाइल छीनते थे। छीने गए मोबाइलों को वे अज्ञात व्यक्तियों को बेच देते थे और प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल छह मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों ने पूर्व में भी कई घटनाओं को अंजाम दिया है। उन मामलों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल गणेश प्रसाद, कांस्टेबल दीपेश कुमार, बलराम यादव, आशीष कुमार यादव, दुर्गेश, देवेंद्र वर्मा, महिला कांस्टेबल साधना, आरजू सिंह, प्रभारी एसओजी रजनीश राय एवं उनकी टीम तथा सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे।















