सीएम डैशबोर्ड पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने कई अधिकारियों को जारी किया कारण बताओ नोटिस
गोरखपुर। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण और विकास योजनाओं की प्रगति में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीडीओ ने फरवरी माह की समीक्षा में खराब रैंकिंग वाले अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। नोटिस प्राप्त करने वालों में जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह (जो पीओ नेडा का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं), जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जीएम डीआईसी और डीसी एनआरएलएम सहित कई अन्य अधिकारी शामिल हैं। इन सभी से पूछा गया है कि उनके विभाग की प्रगति क्यों संतोषजनक नहीं रही।
सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने सख्त शब्दों में कहा, “मार्च माह में हर हाल में रैंकिंग सुधारनी होगी। यदि अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो शासन स्तर पर पत्राचार के साथ-साथ वेतन बाधित करने जैसी कार्रवाई भी की जाएगी।”
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों और योजनाओं की जमीनी समीक्षा करें तथा उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। केवल रिपोर्टिंग पर निर्भर न रहें, बल्कि वास्तविक कार्य दिखना चाहिए।
सीडीओ ने जोर दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से शासन लगातार निगरानी रख रहा है, इसलिए सभी अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें।















