डीआईजी संजीव त्यागी ने सिद्धार्थनगर में अपराध समीक्षा गोष्ठी की: आगामी त्यौहारों की तैयारियां, लंबित विवेचना-गिरफ्तारी पर सख्त निर्देश, पीस कमेटी मीटिंग में भाईचारे की अपील
सिद्धार्थनगर। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के साथ पुलिस लाइन सभागार में जनपद की अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा गोष्ठी की। गोष्ठी में आगामी होली, रमजान और ईद जैसे त्यौहारों की तैयारियों पर विशेष फोकस किया गया।
डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण, अधिकाधिक निरोधात्मक कार्यवाही, गैंगस्टर, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, चोरी एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, महिला संबंधी अपराधों, POCSO एक्ट, SC/ST एक्ट मामलों में त्वरित कार्रवाई, यक्ष ऐप पर समय से डाटा फीडिंग, भारत-नेपाल सीमा एवं संवेदनशील/मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फूट पेट्रोलिंग, मिशन शक्ति केन्द्र को अधिक प्रभावी बनाने, साइबर अपराध पर नजर, CCTNS, IGRS, NCRB, कर्मयोगी पोर्टल, CM डैशबोर्ड, ITSSO, JMIS आदि पोर्टलों की निरंतर निगरानी तथा ऑपरेशन क्लीन के तहत वाहनों का निस्तारण कराने के सख्त निर्देश दिए।
आगामी त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने, निकलने वाले जुलूसों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए उन्हें सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में थानों से आए दोनों संप्रदायों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि त्यौहारों को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं, एक-दूसरे के धर्म व भावनाओं का सम्मान करें, कोई नई परंपरा न शुरू करें, हुड़दंग या जबरदस्ती रंग लगाने जैसी हरकतों से बचें।
गोष्ठी एवं पीस कमेटी मीटिंग में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस कार्यालय एवं अन्य शाखाओं के प्रभारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
डीआईजी के निर्देशों से जनपद में त्यौहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सद्भाव बनाए रखने की दिशा में मजबूत तैयारी सुनिश्चित हुई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था पर कोई समझौता नहीं होगा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूर्ण सतर्कता बरती जाएगी।















