नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने संभाला गोरखपुर का कार्यभार

नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने संभाला गोरखपुर का कार्यभार

गोरखपुर। जनपद को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। 2015 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी डॉ. कौस्तुभ ने आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। ज्वाइनिंग आदेश कक्ष में उन्होंने एसपी सिटी अभिनव त्यागी से चार्ज लिया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

पद संभालते ही डॉ. कौस्तुभ ने साफ संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और आम जनता का विश्वास जीतना पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी।

डॉक्टर से आईपीएस तक का सफर

पटना (बिहार) के मूल निवासी डॉ. कौस्तुभ ने एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। चिकित्सा क्षेत्र में करियर के बाद सिविल सेवा परीक्षा पास कर आईपीएस बने। प्रशिक्षण काल से ही वे अनुशासित, मेहनती और प्रोफेशनल अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं।

गोरखपुर से पुराना रिश्ता

डॉ. कौस्तुभ इससे पहले जुलाई 2019 में गोरखपुर में एसपी सिटी रह चुके हैं। उस दौरान अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, महिला सुरक्षा और संगठित अपराध के खिलाफ उनके अभियानों ने खासी चर्चा बटोरी। उनका वह कार्यकाल आज भी सख्त और सक्रिय पुलिसिंग के लिए याद किया जाता है।व्यापक अनुभव

गोरखपुर के बाद उन्होंने महाराजगंज, अंबेडकरनगर और जौनपुर में पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। सीमावर्ती और संवेदनशील जिलों में काम करने का उन्हें लंबा अनुभव है। वाराणसी और सोनभद्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सम्मान और उपलब्धियां

उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. कौस्तुभ को वर्ष 2021 में डीजीएस कमेंडेशन डिस्क (सिल्वर) और वर्ष 2023 में डीजीएस कमेंडेशन डिस्क (गोल्ड) से सम्मानित किया जा चुका है।

मंदिर दर्शन और निरीक्षण

कार्यभार ग्रहण से पहले उन्होंने सर्किट हाउस से गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद पुलिस लाइन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में मत्था टेका। पुलिस लाइन में वर्दी स्टोर और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिना काम घूम रहे कुछ पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत दी कि अनुशासन में कोई ढील नहीं बरती जाएगी। सभी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।

उन्होंने आवास, वर्दी, शस्त्र समेत विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से मुलाकात की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

प्लास्टिक बोतलों पर रोक

नवागत एसएसपी ने सख्त निर्देश दिया कि पुलिस लाइन और कार्यालयों में प्लास्टिक की बोतलों का इस्तेमाल पूरी तरह बंद रहेगा। पानी कांच के गिलास में ही परोसा जाएगा।

ज्वाइनिंग के दौरान एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ लाइन अरुण कुमार एस सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गोरखपुर पुलिस परिवार ने नए एसएसपी का हार्दिक स्वागत किया है और उनके कुशल नेतृत्व में जिले में कानून-व्यवस्था के और मजबूत होने की उम्मीद जताई है।

Previous articleमतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण 2026 की प्रगति पर बैठक
Next articleनवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ की पहली मैराथन बैठक: जीरो टॉलरेंस और त्वरित निस्तारण पर जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here