कड़ाके की ठंड: 4 दिनों से तापमान 13-17 डिग्री से नीचे, नगर पालिका ने 168 जगहों पर अलाव की व्यवस्था की
संतकबीरनगर। शहर में लगातार बढ़ती ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पिछले चार दिनों से न्यूनतम तापमान 13-17 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया जा रहा है, जबकि अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री के आसपास ही रह रहा है। घना कोहरा और तेज हवाओं के साथ ठंड और तीव्र हो गई है। इस स्थिति में नगर पालिका खलीलाबाद ने नागरिकों को ठंड से बचाने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का दावा किया है।
नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल के निर्देशन में शहर के 168 प्रमुख चौराहों, चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि वे खुद रोजाना मौके पर जाकर अलाव की व्यवस्था का जायजा लेते हैं। आज भी सभी चौराहों पर लकड़ी जलवाकर अलाव प्रज्वलित कराया गया। किसी की मृत्यु होने पर उसके घर के पास भी अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पर्याप्त मात्रा में लकड़ी की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी व्यक्ति को ठंड से परेशानी न हो। प्रत्येक सार्वजनिक स्थल पर यह सुविधा उपलब्ध है। इस पहल से शहरवासियों में काफी उत्साह है। लगातार अलाव जलने से ठंड से राहत मिल रही है और लोग घर से बाहर निकलने में सहज महसूस कर रहे हैं।
इस व्यवस्था की सराहना करते हुए स्थानीय लोग दीपक, गोपाल, फखरुद्दीन, मोहम्मद अली, राजेश, गणेश, प्रदीप, सुनीता, रहमतुल्लाह, राकेश, सोनू, राजेश्वर आदि ने कहा कि नगर पालिका की यह पहल सराहनीय है। ठंड के मौसम में गरीब, मजदूर और आम नागरिकों के लिए अलाव जीवनरक्षक साबित हो रहा है।
नगर पालिका की यह संवेदनशील पहल खलीलाबाद में सर्दी के मौसम में जनकल्याण का बेहतरीन उदाहरण बन गई है। अध्यक्ष जगत जायसवाल ने सभी से अपील की कि अलाव का दुरुपयोग न करें और इसे साझा करके ठंड से लड़ाई में सहयोग करें।















