दिशा बैठक: कुशीनगर में विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर जोर
कुशीनगर (पड़रौना)। जनपद के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, रविंद्र नगर धूस में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद एवं जिला अध्यक्ष दुर्गेश राय ने की।
बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं व कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जनहित से जुड़े प्रोजेक्ट्स में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि कार्यों में किसी तरह की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विधायक पड़रौना सदर मनीष जायसवाल, हाटा मोहन वर्मा, रामकोला विनय प्रकाश गौड़, खड्डा विवेकानंद पांडेय, फाजिलनगर सुरेंद्र कुशवाहा, पिछड़ा आयोग सदस्य फुलबदन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल, जिलाधिकारी कुशीनगर, पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सहित अन्य जनप्रतिनिधि व जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए विभागों में समन्वय और सतत निगरानी हमारी प्राथमिकता है। सभी योजनाओं का लाभ पात्रों तक समय से पहुंचे और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
इस बैठक से कुशीनगर में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलने की उम्मीद है। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का यह संयुक्त प्रयास जनहित को मजबूत बनाएगा।















