बहु-बेटी संबंध: हर रविवार गांवों में महिला सशक्तिकरण कैम्प, गोरखपुर जोन की अनोखी पहल
गोरखपुर। महिला अपराधों पर अंकुश लगाने और बहु-बेटी के रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए गोरखपुर जोन पुलिस ने नई पहल शुरू की है। एडीजी मुथा अशोक जैन के निर्देश पर हर थाने के एक-एक गांव में प्रत्येक रविवार को “बहु-बेटी संबंध” कैम्प लगेगा। यह अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सुरक्षित बनाने का लक्ष्य रखता है, ताकि समाज में सम्मान और सुरक्षा की भावना गहरी हो।एडीजी जैन ने बताया कि कैम्पों का मकसद गांवों में महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनना व तुरंत हल करना है। “केवल महिला अधिकारी और कर्मचारी ही शामिल होंगी—कोई पुरुष नहीं। इससे महिलाएं बिना झिझक अपनी बात रख सकेंगी।” कैम्पों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं और महिला स्वयंसेवी संस्थाएं भी जुड़ेंगी। महिलाओं को कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन नंबर (1090, 181, 112) और आत्मरक्षा के तरीके सिखाए जाएंगे। दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा या अन्य अपराधों पर त्वरित संपर्क का संदेश दिया जाएगा।जैन ने कहा, “महिलाएं खुद को कमजोर न समझें।
यह कार्यक्रम उन्हें निडर बनाएगा।” जोन के सभी जिलों में यह सामाजिक आंदोलन बनेगा, जो “पुलिस-जन सहयोग” और विश्वास को बढ़ाएगा। दहेज हत्या, हिंसा, छेड़छाड़ जैसे अपराधों में कमी आएगी। “जब बहुएं-बेटियां सुरक्षित होंगी, तब समाज मजबूत होगा। पुलिस का मकसद अपराध रोकना ही नहीं, विश्वास का वातावरण बनाना भी है।”यह पहल मिशन शक्ति 5.0 का हिस्सा है, जो महिलाओं को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगी.















