नगर आयुक्त की सख्ती: निर्माण कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर चेतावनी
गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को नगर निगम निर्माण विभाग और सीएनडीएस (Construction and Design Services) के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की। जोनल कार्यालयों में भुगतान और रिपोर्टिंग में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।बैठक में घंटाघर क्षेत्र के निर्माण कार्यों की समीक्षा हुई। बंधू सिंह की जगह अशोक कुमार भाटी को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। इंदिरा बाल विहार पार्क में साउंड सिस्टम और एलईडी वॉल लगाने के निर्देश दिए गए। लाइब्रेरी भवन की छत मरम्मत, वाई-फाई और इंटरनेट सुविधा के लिए अपर नगर आयुक्त (थर्ड) को कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
लाइब्रेरी के पीछे अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त ने कब्जेदारों से अतिरिक्त चार्ज और किराया वसूलने, दीपावली से पहले अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। निर्माण विभाग को कबाड़ और स्क्रैप की नीलामी के निर्देश मिले। टीपी नगर और रानीडीहा जोनल कार्यालयों के निर्माण को तेज करने और लालदिग्गी पार्क में काटे गए पेड़ों की नीलामी से आय जमा करने को कहा गया।स्पेस म्यूजियम को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसकी निगरानी अवर अभियंता अवनीश भारती को सौंपी गई।
लाल नागौर के कान्हा ओपन शेल्टर, वृक्षारोपण और एनिमल क्रिमेटोरियम निर्माण में तेजी लाने पर जोर दिया गया। पौधों के मेंटेनेंस और पार्क, नाली, सड़क निर्माण में देरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।















