मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर सख्ती: ईआरओ दीपक गुप्ता का निर्देश पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करें
गोरखपुर। विधानसभा क्षेत्र 322 गोरखपुर सदर में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर शनिवार को उप जिला अधिकारी/निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) दीपक गुप्ता ने सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण में किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।ईआरओ ने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर नए मतदाताओं का नाम जोड़ें, मृतकों व स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम हटाएँ और संशोधन कार्य पूरी ईमानदारी से करें। सुपरवाइजरों को दैनिक प्रगति रिपोर्ट समय पर जमा करने और बीएलओ की निगरानी करने का आदेश दिया गया।
उन्होंने जोर दिया कि पुनरीक्षण कार्य निर्वाचन आयोग की समय सीमा के भीतर पारदर्शी ढंग से पूरा हो, ताकि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र का नाम न जुड़े।बैठक में सेक्टर और बूथ स्तर पर मतदाता सूची की मैपिंग कर भौगोलिक मिलान किया गया।
दीपक गुप्ता ने बीएलओ से शैक्षणिक संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और राजस्व अभिलेखों के साथ क्रॉस-चेक कर पात्र युवाओं को शामिल करने को कहा। उन्होंने निर्वाचन कार्य को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए सभी से निष्ठा और समयबद्धता की अपेक्षा की। लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।बैठक में नायब तहसीलदार, सुपरवाइजर, बीएलओ और निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।















