संतकबीरनगर में गांधी-शास्त्री जयंती: पुलिस अधीक्षक ने दिलाया सत्य-अहिंसा का संकल्प, किया वृक्षारोपण
संतकबीरनगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार, 2 अक्टूबर 2025 को पुलिस लाइन संतकबीरनगर में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने दोनों महान विभूतियों की तस्वीर का अनावरण कर माल्यार्पण किया और गारद द्वारा सलामी दी गई। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सेवा के मार्ग पर चलने, जातिगत भेदभाव को त्यागने, निर्बल वर्ग के उत्थान और राष्ट्रीय एकता के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई।
एसपी ने अपने संबोधन में कहा, “गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आजादी दिलाई और विश्व को एकता का संदेश दिया। शास्त्रीजी का ‘जय जवान, जय किसान’ नारा आज भी देश की आत्मा को सशक्त करता है।” उन्होंने महिलाओं के उत्थान, दहेज प्रथा समाप्ति और अश्लील साहित्य पर रोक जैसे गांधीजी के विचारों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी धर्मों और संप्रदायों के बीच पारस्परिक सद्भाव ही राष्ट्र की उन्नति का आधार है।कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। एसपी ने पुलिस लाइन में वृक्षारोपण कर सभी को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा, “वृक्ष हमारे पर्यावरण को संतुलित रखते हैं। इनका संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।” कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अभयनाथ मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, प्रभारी डायल 112 राहुल सिंह यादव, पीआरओ दुर्गेश कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद के सभी सर्किल कार्यालयों, थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों पर भी संबंधित प्रभारियों ने गांधी-शास्त्री की तस्वीरों का अनावरण कर उनके जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला।
मिष्ठान वितरण के साथ समारोह संपन्न हुए। यह आयोजन सत्य, अहिंसा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में सफल रहा।















