ग्राम पंचायतों को महिला हितैषी बनाने पर जोर, उप निदेशक हिमांशु शेखर ठाकुर ने दी कार्यशाला में दिशा-निर्देश।
गोरखपुर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत ‘महिला हितैषी’ विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला विकास खंड खोराबार के सभागार में आयोजित हुई। उप निदेशक (पंचायत राज) हिमांशु शेखर ठाकुर ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों (एल.एस.डी.जी.) की नौ थीमों जैसे गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, और महिला हितैषी के आधार पर योजनाओं को ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल करने का निर्देश दिया। ठाकुर ने जोर दिया कि ग्राम पंचायतों को महिला हितैषी बनाना प्राथमिकता है। इसके लिए ग्राम सभा में बजट के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर कार्यान्वयन करना होगा। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम सभाओं को पुरस्कार के लिए आवेदन करने की सलाह दी।
डीपीआरसी सहप्रबंधक ब्रजेश नाथ तिवारी ने पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI) को पोर्टल पर लाइव प्रदर्शित कर समझाया और डेटा फीडिंग की प्रक्रिया बताई। उन्होंने एल.एस.डी.जी. की नौ थीमों पर विस्तार से जानकारी दी, जिसमें विकास योजनाओं की निगरानी, मूल्यांकन, और पारदर्शिता पर जोर दिया। उप निदेशक ने सभी ग्राम पंचायतों में योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और विभागीय पोर्टल पर सटीक व प्रमाणित सूचनाएं अपलोड करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षिका डॉ. सरिता और बिमल शर्मा ने खेलों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता विकास पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षक अजीत तिवारी ने जेंडर और संचार पर जानकारी दी, ताकि ग्राम प्रधानों में सकारात्मक बदलाव आए। कार्यशाला का संचालन कल्पना शुक्ला ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान परमिति देवी, संगीता देवी, नीमा देवी, कौशल्या देवी, सरिता देवी, अनीता देवी, इन्द्रकला देवी, बविता, रंजना सिंह, सुनीता देवी, अंजू यादव, रिंकी, शिला गौतम सहित अन्य ने हिस्सा लिया। यह कार्यशाला ग्राम पंचायतों को सशक्त और महिला हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।