SPEL कार्यक्रम में द्वितीय स्थान प्राप्त कर निरीक्षक रामेश्वर यादव ने बढ़ाया संतकबीरनगर का मान।
संतकबीरनगर: उत्तर प्रदेश पुलिस और भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग (SPEL) कार्यक्रम के द्वितीय चरण (2024-25) में संतकबीरनगर के निरीक्षक रामेश्वर यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने उन्हें सम्मानित किया।
निरीक्षक रामेश्वर यादव ने SPEL कार्यक्रम की मूल मंशा और रूपरेखा के अनुरूप छात्र-छात्राओं को कुशलता से प्रशिक्षण प्रदान किया। उनके प्रयासों से जनपद संतकबीरनगर ने प्रदेश के टॉप-5 थाना स्तरीय नोडल/प्रशिक्षक अराजपत्रित अधिकारियों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने उनकी प्रशंसा करते हुए कहा, “निरीक्षक रामेश्वर यादव ने अपने समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण से जिले का गौरव बढ़ाया है। हम उम्मीद करते हैं कि वे भविष्य में भी इसी तरह मनोयोग और प्रतिबद्धता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन कर जनपद की प्रतिष्ठा को बनाए रखेंगे।”
इस सम्मान समारोह में निरीक्षक रामेश्वर यादव को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। यह उपलब्धि न केवल पुलिस विभाग, बल्कि पूरे संतकबीरनगर के लिए गर्व का विषय है।















