प्रयागराज डीएम का सख्त एक्शन: 16 लेखपाल निलंबित, शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर चेतावनी।
प्रयागराज: जिलाधिकारी प्रयागराज ने आईजीआरएस और जन शिकायतों के निस्तारण में उदासीनता व लापरवाही बरतने वाले 16 लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। संबंधित उप जिलाधिकारियों ने इन्हें चिह्नित किया था। डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि विभागीय दायित्वों और जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की शिथिलता, उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी जन शिकायतों और आईजीआरएस प्रकरणों के समाधान में रुचि नहीं दिखाता या जनता से संवाद कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित नहीं करता, तो उसके खिलाफ निलंबन या सेवा समाप्ति की कार्रवाई होगी। यह कदम प्रशासन की जवाबदेही को मजबूत करने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है।















