युवा सशक्तिकरण और सम्मान का उत्सव: टैबलेट वितरण व पुरस्कार वितरण समारोह”
“टैबलेट, पुरस्कार और प्रेरणा: स्वामी विवेकानंद योजना के तहत छात्रों को सम्मान, विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल।” :
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की स्वामी विवेकानंद युवा शक्तिकरण योजना के तहत 18 मार्च 2025 को हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग में अपराह्न 3:00 बजे टैबलेट वितरण समारोह आयोजित हुआ। इसी दिन बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से गत वर्ष (2023-24) की एमए परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा प्रज्ञा मिश्रा को प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,000 रुपये और छात्र पीयूष यादव को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 7,500 रुपये का चेक प्रदान किया गया। दोनों को विभाग की ओर से पुस्तकें देकर भी सम्मानित किया गया।
साथ ही, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजभवन, लखनऊ में आयोजित नाट्य प्रस्तुति में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले नाट्यदल के सदस्यों—सुधांशु, लाभांश, गर्विता, सक्षम, तनीषा और आशीर्वाद—को भी विभाग की ओर से पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सभी कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में संपन्न हुए।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक सचिन वर्मा, उपक्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार और प्रबंधक राजभाषा शकील अहमद के साथ विभाग के शिक्षकगण—प्रो. विमलेश मिश्र, प्रो. राजेश मल्ल, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. राम नरेश राम, डॉ. संदीप यादव, डॉ. अखिल मिश्र, डॉ. अभिषेक शुक्ल, डॉ. ऋतु सागर, डॉ. प्रियंका नायक, डॉ. अपर्णा पांडेय, डॉ. रजनीश चतुर्वेदी, डॉ. नरगिस बानो, डॉ. अन्वेषण सिंह और अभय शुक्ल मौजूद रहे। विभिन्न सत्रों के विद्यार्थियों के साथ पिछले सत्रों के छात्रों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
विभागाध्यक्ष प्रो. कमलेश कुमार गुप्त ने सभी का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनील कुमार ने किया, जबकि प्रो. अनिल कुमार राय ने आभार व्यक्त किया।















