पासपोर्ट सत्यापन में देरी पर सख्ती
गोरखपुर ।
गोरखपुर में पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने पुलिसकर्मियों को कड़ा संदेश दिया है। लापरवाही और अनावश्यक देरी को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पुलिस लाइन व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में डॉ गौरव ग्रोवर ने पासपोर्ट सत्यापन कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे सतर्कता के साथ निभाना जरूरी है। जानबूझकर आवेदनों को लंबित रखने वाले अधिकारी-कर्मचारी बख्शे नहीं जाएंगे। एसएसपी ने निर्देश दिया कि सत्यापन कार्य तीन दिनों में पूरा हो। यदि आवेदक जानकारी छिपाता है, तो इसका उल्लेख कर रिपोर्ट पासपोर्ट कार्यालय भेजें। अनावश्यक देरी को लापरवाही मानकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
उन्होंने जोर दिया कि आवेदन के तथ्यों की गहन जांच हो और कोई कमी न छूटे। यदि आवेदक पते पर नहीं मिलता, तो वास्तविक स्थिति के साथ रिपोर्ट दें। सत्यापन के नाम पर शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई होगी। बैठक में पासपोर्ट नोडल एसपीअनुराग सिंह भी मौजूद रहे।















