फार्मासिस्ट किसी भी अस्पताल का मुख्य किरदार होता है:सीएमओ.
– सूर्या कॉलेज ऑफ फार्मेसी मीरगंज के वेलकम सेरेमनी का हुआ आयोजन 
संतकबीरनगर। सूर्या कॉलेज ऑफ फार्मेसी मीरगंज में शुक्रवार को वेलकम सेरेमनी समारोह का आयोजन किया गया। नवागत छात्र छात्राओं को स्मृति चिन्ह, पेन और डायरी देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डी फॉर्मा के प्रशिक्षुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ रामानुज कन्नौजिया ने कहाकि फार्मासिस्ट किसी भी अस्पताल का मुख्य किरदार होता है। स्वास्थ्य सुविधाओं के ऐसे महत्वपूर्ण अंग को पूरी तरह परिपक्व होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि सूर्या कॉलेज ऑफ फार्मेसी में एक परफेक्ट फार्मासिस्ट तैयार करने के सभी संसाधन उपलब्ध हैं। गोरखपुर विश्वविद्यालय के अवकाश प्राप्त प्रोफेसर ओपी पांडेय ने कहा कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में एक फार्मासिस्ट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। इसके लिए लिखित पाठ्यक्रम के साथ ही प्रयोगशाला में तप कर निकला फार्मासिस्ट ही समाज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा सकता है। प्रबंधक डाॅ उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि बस्ती मंडल के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा से लैस करने के लिए संस्थान पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्र छात्राओं को भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में चिकित्सा शिक्षा के तमाम पाठ्यक्रम संस्थानों में उपलब्ध करा दिए जाएंगे। कार्यक्रम को एसीएमओ डाॅ राम रतन वर्मा, डिप्टी सीएमओ डाॅ शैलेंद्र मिश्र और डाॅ मुबारक अली ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव, नितेश द्विवेदी, चिंतामणि उपाध्याय, शरद त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।















