पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज।
संतकबीरनगर।
दहेज की खातिर विवाहिता को मारपीट कर घर से खदेड़ देने के आरोप में पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया। महसिन निवासी पीड़िता अंजली शर्मा का आरोप है कि उसकी शादी 29 अप्रैल 2018 को रणजीत पुत्र सुड्डू निवासी कूड़ीमाफी, बखिरा के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार हुई थी। वह शादी होने के बाद विदा होकर ससुराल गई और अपनी पत्नी धर्म का पालन करती थी, मगर शादी के 6 माह बाद ही पति रणजीत, ससुर सुड्डू, सास शकुन्तला, ननद सुमित्रा व लक्ष्मीना दहेज में 50,000 रुपये व चार पहिया गाड़ी की मांग करने लगे। जिसकी जानकारी उसने जब अपने माता-पिता को देती थी तो सब ठीक हो जाएगा, कहकर समझाते थे।
आरोप है कि उसके ससुराल के सभी लोगों के स्वभाव के कोई बदलाव नही हुआ और दहेज की मांग पर अडिग रहे और उसे प्रताड़ित करने लगे। 20 दिसंबर 2024 को उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर उसके मायके के बाहर लाकर छोड दिए। उसके माता-पिता अपनी हैसियत के अनुसार उक्त लोगों को सोने का झाला, मंगलसूत्र, चांदी का पावजेब, करधन, सोफासेट, टीवी, फ्रिज, मोटर साइकिल आदि समान शादी में दिए हैं। आरोप है कि उक्त रणजीत दिनांक 12 जनवरी 2025 को समय शाम 7 बजे उसके भाई धीरज शर्मा के कमरा किशोर धर्मशाला गोला बाजार में आया और उसे व भाई धीरज शर्मा को अपशब्द कहते हुए लाठी-डंडों से मारने-पीटने लगा और जान माल की धमकी देने लगा। एसएसआई राजेश दूबे ने बताया कि आरोपी पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़ का केस दर्ज कर लिया गया है।















