एक दरवाजे में बाहर से ताला, दूसरे में अंदर से कुंडी बंद और फंदे पर लटकती मिली लाश तीन दिन से लापता छात्रा की संदिग्ध हाल में मौत।

एक दरवाजे में बाहर से ताला, दूसरे में अंदर से कुंडी बंद और फंदे पर लटकती मिली लाश तीन दिन से लापता छात्रा की संदिग्ध हाल में मौत।

 

-27 दिसंबर से घर से लापता थी छात्रा, मां ने 30 दिसंबर को दर्ज कराई थी गुमशुदगी
-क्षेत्र के एक कॉलेज में कक्षा 11वीं में पढ़ती थी छात्रा
-मौके के हालात से लोग कर रहे थे चर्चा, आखिर किस दरवाजे से अंदर घुसी थी छात्रा
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की नजर
————————————————————-
संतकबीरनगर।
तीन दिन से लापता धर्मसिंहवा क्षेत्र के हकीमराई गांव की रहने वाली एक छात्रा की लाश मंगलवार को मकान के कमरे में छत की कुंडी से रस्सी के सहारे लटकती मिली। कमरे में दो दरवाजा था। एक दरवाजे में बाहर से ताला बंद था और दूसरे में अंदर से कुंडी बंद थी। छोटे भाई ने खाद निकालने के लिए कमरे का ताला खोला तो अंदर बहन लटकती हाल में मिली। सूचना पर सीओ, एसओ ने एसओजी, फोंरेसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजवा दिया।
क्षेत्र के हकीमराई गांव निवासी सेराज अहमद मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी सबीरुन्निशा अपने तीन बेटियों रहमतुन (18), मरियम (16), सबा (6) व बेटे सूफियान (14) के साथ रहती हैं। पीड़ित मां सबीरून्निशा ने बताया कि उसकी बेटी मरियम 27 दिसंबर की शाम को घर से लापता हो गई थी। बेटी की खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चला तो 30 दिसंबर को धर्मसिंहवा थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई। उसका गांव में दो मकान है। एक मकान में लोग रहते हैं और दूसरे मकान में खाद, भूसा, लकड़ी आदि रखा जाता है। दूसरे मकान के कमरे का ताला बाहर से बंद था। बेटा सूफियान ने मंगलवार की सुबह खाद निकालने के लिए बंद कमरे का ताला खोला तो अंदर बेटी मरियम का शव छत की कुंडी से रस्सी के सहारे लटक रहा था। बेटे के शोर मचाने पर परिजन और आस-पास के लोग पहुंच गए। सूचना पर मेंहदावल सीओ केशवनाथ, एसओ पूनम मौर्या, एसओजी प्रभारी सर्वेश राय और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर नमूना जुटाया।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो पुलिस शव को कब्जे में लिया तो दुर्गंध उठ रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि शव दो-तीन दिन पुराना था। लोग यह भी चर्चा कर रहे थे कि कमरे के एक दरवाजे में बाहर से ताला बंद था और दूसरे में अंदर से कुंडी बंद थी तो आखिर में छात्रा किस दरवाजे से अंदर दाखिल हुई होगी। मौका वारदात की परिस्थितियां छात्रा की मौत की वजह को लेकर तमाम तरह सवाल खड़ा कर रही थीं।
———————-
मृतका की मोबाइल में तो कहीं नहीं छुपा है मौत का राज
मृतका मरियम क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 वीं में पढ़ती थी। मौके पर लोग चर्चा कर रहे थे कि छात्रा मोबाइल चलाती थी। 19 दिसंबर को छात्रा मोबाइल से कहीं बातचीत कर रही थी, जिसे मां ने देख लिया था और मोबाइल छीन कर रख लिया था। इसको लेकर छात्रा क्षुब्ध थी। छात्रा की मौत की वजह स्पष्ट तौर पर पीड़ित परिजन भी नहीं बता पा रहे थे। वहीं दूसरी तरफ गांव में तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल छात्रा की मौत की असली वजह क्या है कि इसका खुलासा तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पड़ताल से ही होगा। मृतका की मोबाइल को पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
—————-

छात्रा 27 दिसंबर से लापता थी और मां ने 30 दिसंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। छात्रा की लाश जिस कमरे में मिली है, उसमें एक दरवाजे में बाहर से ताला बंद था और दूसरे में अंदर से कुंडी बंद थी। ऐसे में छात्रा की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। डबल डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। उसके बाद जैसी स्थिति होगी, वैसी कार्रवाई की जाएगी।
केशवनाथ,
सीओ मेंहदावल

Previous articleबरदहिया बाजार में वृद्ध की मिली लाश।
Next articleनए साल के जश्न में सराबोर रहा शहर डीएम एसएसपी सुरक्षा व्यवस्था का लेते रहे जायजा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here