बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से छीने 20 हजार रुपये।
– बड़गों-बंसवारी गांव के आगे ढाबे से पहले हुई वारदात
– बाइक सवार तीन बदमाश झपट्टा मार कर छीन ले गए बैग
– बैग में नकदी,लैपटॉप,बायोमेट्रिक मशीन,आधार कार्ड,एटीएम कार्ड,पैन कार्ड आदि रखा था
– घटना के बाद सिकरीगंज की तरफ भाग निकले बदमाश
– एसपी ने मामले के पर्दाफाश के लिए लगाई दो टीमें
—————————————————-
संतकबीरनगर।
धनघटा थाना क्षेत्र के बड़गों-बंसवारी गांव से कुछ दूर आगे बुधवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक का झपट्टा मार कर बैग छीन ले गए। बैग में 20 हजार रुपये नकदी, लैपटॉप, बायोमेट्रिक मशीन,आधार कार्ड,एटीएम कार्ड,पैन कार्ड ,ड्राईविंग लाइसेंस और चेक बुक रखा था। वारदात के बाद बदमाश सिकरीगंज गोरखपुर की तरफ भाग गए। सूचना पर पुलिस हरकत में आई और गुरुवार को जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुट गई है।
धनघटा क्षेत्र के खांजो गांव निवासी भोला पुत्र रामसहाई गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढेबरा में ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते है। बुधवार को वह महादेवा बाजार स्थित एसबीआई बैंक से 20 हजार रुपये निकाले थे और फिर ग्राहक सेवा केंद्र पर गए थे। शाम सवा छह बजे के करीब ग्राहक सेवा केंद्र बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में धनघटा क्षेत्र के बड़गों- बंसवारी गांव से आगे और राय ढाबा से पहले पहुंचे ही थे। उसी दौरान पीछे से बाइक से आए तीन बदमाशों ने झपट्टा माकर भोला से बैग छीन लिए। वारदात के बाद बदमाश सिकरीगंज की तरफ भाग निकले। पीड़ित के मुताबिक बदमाश मुंह पर गमछा बांधे हुए थे। बैग में बैग में 20 हजार रुपये नकदी, लैपटॉप, बायोमेट्रिक मशीन,आधार कार्ड,एटीएम कार्ड,पैन कार्ड ,ड्राईविंग लाइसेंस और चेक बुक रखा था। जिसे बदमाश उठा ले गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई और जांच पड़ताल में जुट गई। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ छिनैती का केस दर्ज किया गया। जगह- जगह सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
———————————————–
धनघटा क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से छिनैती की घटना हुई है। मामले के पर्दाफाश के लिए धनघटा पुलिस के साथ एसओजी टीम को लगा दिया गया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुट गई है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
— सत्यजीत गुप्ता
एसपी















