डेंगू के तीन नए मरीज मिले डेंगू मरीज की संख्या में शहर व ग्रामीण में लगातार इजाफा हो रहा है।
उत्तर प्रदेश। गोरखपुर। डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है। शुक्रवार को भी तीन नए मरीज मिले। ये ग्रामीण क्षेत्र के हैं। अब तक 42 मरीज शहरी और 32 मरीज ग्रामीण क्षेत्र में मिल चुके हैं। लार्वा की तलाश करने वाली मलेरिया विभाग की टीम ने 86 घरों की जांच की। इनमें से पांच घरों के पानी वाले पात्रों में मच्छर के लार्वा पाए गए। शुक्रवार को सरदारनगर क्षेत्र के केवलाचक का 21 वर्षीय युवक, खोराबार क्षेत्र के मोतीराम अड्डा का 27 वर्षीय युवक और उरुवा क्षेत्र के धुरियापार का 20 वर्षीय युवक संक्रमित मिला। अब तक 6101 लोगों को एनएस-1 और 1462 लोगों का एलाइजा टेस्ट किया जा चुका है।















