डीएम दीपक मीणा ने खुद पूरी की स्व-गणना, नागरिकों से भी की अपील 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज करें मकान और परिवार का ब्योरा, 11 अंकों की SE ID रखें सुरक्षित एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, स्व-गणना करने वाले परिवारों से आईडी लेकर करेंगे सत्यापन

डीएम दीपक मीणा ने खुद पूरी की स्व-गणना, नागरिकों से भी की अपील

30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज करें मकान और परिवार का ब्योरा, 11 अंकों की SE ID रखें सुरक्षित

एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, स्व-गणना करने वाले परिवारों से आईडी लेकर करेंगे सत्यापन

गोरखपुर। जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को अपने कार्यालय में लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने निर्धारित पोर्टल पर मकान और परिवार से जुड़ी जानकारियां दर्ज कर नागरिकों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त तपन मिश्रा और एडीएम वित्त एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश ने सहयोग किया।

डीएम ने जनपदवासियों से मोबाइल फोन या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही और पूरी जानकारी दर्ज होना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करना होगा। भाषा चुनने के बाद निर्धारित प्रश्नों के जवाब भरकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

स्व-गणना में मकान का पता, भवन का उपयोग, मकान की स्थिति, दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, स्वामित्व, परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या और कमरों का विवरण देना होगा। इसके अलावा पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानघर, रसोईघर, खाना पकाने के ईंधन और जल निकासी की जानकारी भी दर्ज करनी होगी। परिवार के पास उपलब्ध मोबाइल, इंटरनेट, टीवी, रेडियो, साइकिल, मोटरसाइकिल और कार जैसे संसाधनों का ब्योरा भी निर्धारित प्रश्नों के अनुसार भरना होगा।

डीएम ने कहा कि फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों की जांच कर लें। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली 11 अंकों की SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी है। इसे मोबाइल में सेव करने के साथ लिखकर भी रख सकते हैं। एक दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज विवरण का सत्यापन किया जा सके।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में स्व-गणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान और परिवार से संबंधित जानकारियां एकत्र करेंगे। पांच से नौ जनवरी तक संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है।

डीएम ने नागरिकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से स्व-गणना पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो परिवार ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाएंगे, उनके घर पहुंचने वाले प्रगणक निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी दर्ज करेंगे। जनगणना राष्ट्रीय महत्व का अभियान है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

Previous articleमुंडेरवा में राकेश चतुर्वेदी के काफिले का स्वागत, अहरा स्टेट में की मुलाकात त्रिमूर्ति चौराहे पर किसान प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण, कई गांवों में पहुंचकर लोगों से किया जनसंपर्क

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here