11 से 17 जनवरी तक सजेगा गोरखपुर महोत्सव, देश-विदेश के कलाकार बिखेरेंगे जलवा 11 से 13 जनवरी तक मुख्य मंच पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 17 जनवरी तक चलेगा शिल्प मेला और विभागीय प्रदर्शनी स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मुख्य मंच पर अवसर, मंडलायुक्त ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की

11 से 17 जनवरी तक सजेगा गोरखपुर महोत्सव, देश-विदेश के कलाकार बिखेरेंगे जलवा

11 से 13 जनवरी तक मुख्य मंच पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, 17 जनवरी तक चलेगा शिल्प मेला और विभागीय प्रदर्शनी

स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मुख्य मंच पर अवसर, मंडलायुक्त ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की

गोरखपुर। नववर्ष 2027 में गोरखपुर महोत्सव 11 से 17 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

महोत्सव के मुख्य मंच पर 11 से 13 जनवरी तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके कलाकार और रंगकर्मी प्रस्तुतियां देंगे। गोरखपुर और आसपास के स्थानीय कलाकारों को भी मुख्य मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन और समापन समारोह के मुख्य अतिथियों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे।

मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव पूर्वांचल की कला, संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने यातायात, सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

17 जनवरी तक चलेगा शिल्प मेला

महोत्सव के दौरान 17 जनवरी तक शिल्प मेला और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक कलाओं और कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विभागीय प्रदर्शनियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रदर्शनियां ऐसी हों, जिनसे लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझ में आए।

यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

महोत्सव में भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग को वाहनों के आवागमन, पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्गों की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती, निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम भी किए जाएंगे। बाहर से आने वाले कलाकारों और अतिथियों के आवास, परिवहन तथा स्वागत की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई। मंच, ध्वनि, प्रकाश, साज-सज्जा और अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, जीडीए सीईओ विशाल कुमार, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, उप निदेशक पर्यटन एवं क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव, जीडीए सचिव प्रखर उत्तम, परियोजना निदेशक दीपक सिंह, डीसी मनरेगा रघुनाथ सिंह, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव सहित अजय शुक्ला और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleगीडा स्थापना दिवस पर सजेगा औद्योगिक विकास और निवेश का मंच औद्योगिक प्रदर्शनी, उद्यमियों का सम्मान और रोजगार-कौशल विकास सत्र होंगे आयोजन के प्रमुख आकर्षण, विकास यात्रा पर दिखाई जाएगी विशेष डॉक्यूमेंट्री
Next articleमहीनों से बंद हाईमास्ट लाइट, अंधेरे में डूब रहा नेवास का मुख्य द्वार प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के पास पसरा अंधेरा, ग्रामीणों को चोरी की आशंका; शिकायत के बाद अधिकारियों ने जल्द मरम्मत का दिया भरोसा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here