गोरखनाथ मंदिर में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में गूंजे भक्ति गीत
सांस्कृतिक संध्या से पहले शहीदों के सम्मान में जलाया गया एक दीप, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर किया सम्मानित
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर परिसर में भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. राकेश श्रीवास्तव की ओर से आयोजित ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम श्रद्धा और देशभक्ति के भाव से सराबोर रहा। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत से पहले शहीदों के सम्मान में ‘एक दीप शहीदों के नाम’ जलाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इसके बाद मंदिर परिसर स्थित ओपन थिएटर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाया। गीत-संगीत के माध्यम से देश के वीर जवानों के बलिदान और उनके प्रति सम्मान का भाव व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीदों के त्याग और समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भोजपुरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।















