भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा
एडीजी राम कुमार, डीआईजी एस. चन्नप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने एमपी इंटर कॉलेज का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
गोरखपुर। एमपी इंटर कॉलेज में चार नवंबर को प्रस्तावित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन राम कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात संचालन और पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के रास्तों, सुरक्षा इंतजामों तथा वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के आवागमन के लिए पहले से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी निर्धारित स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और उनकी जिम्मेदारियां पहले से तय कर ली जाएं।
जाम से बचाव के लिए प्रभावी यातायात योजना बनाने के निर्देश
अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए वाहनों के आवागमन, पार्किंग और प्रवेश-निकास की व्यवस्था व्यवस्थित रखी जाए। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ आम नागरिकों के आवागमन का भी ध्यान रखा जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात प्रबंधन की ऐसी योजना तैयार की जाए, जिससे कार्यक्रम के दौरान शहरवासियों को अनावश्यक परेशानी न हो। सुरक्षा और यातायात से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावता, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















