विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर डीएम ने परखा एफएलसी सेंटर
असुरन स्थित केंद्र में रखीं 2,420 ईवीएम और 2,420 वीवीपैट, रखरखाव व साफ-सफाई के निर्देश
गोरखपुर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को असुरन स्थित मंडलीय प्रशिक्षण लेखपाल केंद्र परिसर में बने एफएलसी (फर्स्ट लेवल चेकिंग) सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्वाचन मशीनों के सुरक्षित भंडारण, रखरखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था परखी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सेंटर में रखी 2,420 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और 2,420 वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी मशीनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखा जाए। उनकी नियमित साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग किया जा सके।
मशीनों के रखरखाव में लापरवाही न हो
डीएम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में ईवीएम और वीवीपैट की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में इनकी सुरक्षा, तकनीकी जांच और भंडारण व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एफएलसी सेंटर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी व्यवस्थाएं बनाए रखने के साथ मशीनों की नियमित निगरानी भी की जाए।
उन्होंने सेंटर में साफ-सफाई दुरुस्त रखने और कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन संबंधी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, जिससे आगे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश, तहसीलदार सदर सत्य प्रकाश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















