एसपी ने सोनहा थाने में सुनीं जनसमस्याएं, चार शिकायतें मिलीं
समाधान दिवस में मिलीं राजस्व संबंधी शिकायतें, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
बस्ती। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सोनहा थाने में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जो राजस्व से संबंधित थे। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के संबंध में आवेदकों से फीडबैक भी लिया। आवेदकों ने की गई कार्रवाई पर संतुष्टि जताई।
थाने की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
जनसुनवाई के बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर शाखा, सीसीटीएनएस कार्यालय, हवालात, बैरक, मेस और मालखाने का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों और रखरखाव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने बीट पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर बीट प्रणाली की जानकारी ली। साथ ही वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों का प्रशिक्षण व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से कराने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित किया।
इस दौरान थानाध्यक्ष सोनहा सहित पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















