17 जिलों की मतपेटियां कड़ी सुरक्षा में डीडीयू विश्वविद्यालय पहुंचीं एलईडी स्क्रीन छोटी होने पर प्रत्याशियों ने जताई आपत्ति, बड़ी स्क्रीन लगवाने के निर्देश

17 जिलों की मतपेटियां कड़ी सुरक्षा में डीडीयू विश्वविद्यालय पहुंचीं

एलईडी स्क्रीन छोटी होने पर प्रत्याशियों ने जताई आपत्ति, बड़ी स्क्रीन लगवाने के निर्देश

गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को 17 जिलों के 200 मतदान केंद्रों पर हुए मतदान के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में पहुंचाया गया। मतपेटियों को सुरक्षित रखवाने और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग अफसर इंद्र विक्रम सिंह तथा जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अफसर दीपक मीणा देर रात तक मौके पर डटे रहे।

विभिन्न जिलों से मतपेटियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत विश्वविद्यालय पहुंचाई गईं। दूरस्थ जिलों सुल्तानपुर, श्रावस्ती और गोंडा से भी देर रात तक मतपेटियों के आने का सिलसिला जारी रहा। अधिकारियों की निगरानी में मतपेटियों को प्रत्याशियों की मौजूदगी में निर्धारित स्थल पर सुरक्षित रखवाया गया। परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई।

छोटी एलईडी पर प्रत्याशियों ने जताई आपत्ति

वाणिज्य संकाय में मतपेटियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही थी। हालांकि, स्क्रीन का आकार छोटा होने के कारण प्रत्याशियों ने आपत्ति जताते हुए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और जिलाधिकारी दीपक मीणा ने एआरओ एवं एडीएम वित्त को बड़ी एलईडी स्क्रीन लगवाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य निगरानी व्यवस्था को अधिक स्पष्ट बनाना और प्रत्याशियों को भी फुटेज देखने में सुविधा देना था।

देर रात तक व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे अधिकारी

मतपेटियों को लेकर आने वाले वाहनों की आवाजाही, मतपेटियों को सुरक्षित स्थान पर रखवाने और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर अधिकारियों ने लगातार नजर रखी। सभी जिलों से मतपेटियों के पहुंचने की प्रक्रिया सुचारु ढंग से पूरी कराने के साथ सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इस दौरान सहायक रिटर्निंग अफसर एवं अपर आयुक्त प्रशासन अजय राय, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, जीडीए सचिव प्रखर उत्तम, सहायक बचत निदेशक बृजेश यादव, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव और सीओ ट्रैफिक कीर्ति निधि आनंद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous articleपीईटी-2026: परीक्षा केंद्रों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण सीसीटीवी, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here