मिशन शक्ति के तहत सड़क पर उतरे डीआईजी, डीएम और एसएसपी
कोतवाली क्षेत्र में निकाला पैदल मार्च, दुर्गा पूजा पंडालों और प्रतिमा विसर्जन मार्गों का किया निरीक्षण
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का दिया संदेश, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
गोरखपुर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर रविवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत कोतवाली थाना क्षेत्र में जागरूकता रैली और पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने अभियान में शामिल होकर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया। इस दौरान आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। किसी भी तरह के उत्पीड़न, असुरक्षा या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करना चाहिए।
नवरात्र और दुर्गा पूजा को देखते हुए अधिकारियों ने प्रतिमा विसर्जन मार्गों तथा पूजा पंडालों के निर्धारित स्थलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की आवाजाही, पूजा पंडालों में भीड़ और प्रतिमा विसर्जन के दौरान लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने तथा महिला सुरक्षा और त्योहार से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने और समाज में नारी सम्मान की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, थानाध्यक्ष राजघाट तथा कोतवाली, राजघाट और तिवारीपुर थानों की मिशन शक्ति टीम के सदस्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















