विधायक और एसपी ने किया नवनिर्मित थाना बेलहरकला का उद्घाटन
चौकी सांथा से नए भवन में स्थानांतरित हुआ थाना, आधुनिक सुविधाओं से लैस परिसर में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संतकबीरनगर। नवरात्र के प्रथम दिन मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने रविवार को नवनिर्मित थाना बेलहरकला भवन का विधि-विधान से पूजन कर उद्घाटन किया। इसके साथ ही थाना चौकी सांथा से नए भवन में स्थानांतरित हो गया। इस दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह मौजूद रहे। नवनिर्मित थाना भवन में पुलिसकर्मियों के लिए सुविधायुक्त बैरक, आधुनिक कार्यालय, प्रशासनिक भवन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ विभागीय कार्यों के संचालन में सहूलियत होगी।
बेहतर पुलिस सेवाओं पर जोर
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना भवन से पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
थाना बेलहरकला को क्षेत्रफल की दृष्टि से प्रदेश का सबसे बड़ा थाना बताया गया है। ऐसे में नए भवन में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता से पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में सहूलियत मिलेगी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रामबली यादव, थानाध्यक्ष बेलहरकला सर्वेश कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















