नवरात्र पर मिशन शक्ति फेज-6 का शुभारंभ, नारी सशक्तीकरण का दिया संदेश
डीआईजी संजीव त्यागी के नेतृत्व में निकला पैदल मार्च, महिलाओं को सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति किया जागरूक
बस्ती। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को बस्ती में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 का शुभारंभ किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत की। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पैदल मार्च निकाला गया।
पैदल मार्च सिविल लाइंस चौकी से शुरू होकर बेगम खैर, गांधीनगर, मालवीय तिराहा, फव्वारा तिराहा और जिलाधिकारी कार्यालय होते हुए शास्त्री चौक पर पहुंचकर संपन्न हुआ। इसमें पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस बल तथा संभ्रांत नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मार्च के दौरान प्रमुख चौराहों और बाजारों में आमजन को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा महिला कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया गया। जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।
अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और समाज में नारी सम्मान की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।















