दो अक्टूबर को सरकारी-सार्वजनिक भवनों पर होगा ध्वजारोहण गांधी-शास्त्री जयंती की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, एक अक्टूबर को महापुरुषों की प्रतिमाओं और शहीद स्थलों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

दो अक्टूबर को सरकारी-सार्वजनिक भवनों पर होगा ध्वजारोहण

गांधी-शास्त्री जयंती की तैयारियों को लेकर डीएम ने की बैठक, एक अक्टूबर को महापुरुषों की प्रतिमाओं और शहीद स्थलों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान

रायबरेली। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्टूबर को जिले में सादगी और गरिमापूर्ण ढंग से मनाई जाएगी। इस दिन सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। कार्यालयों में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, विचारों और आदर्शों पर चर्चा होगी। इससे एक दिन पहले शहीद स्थलों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने संबंधित विभागों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को एक अक्टूबर को शहीद स्थलों, महापुरुषों की प्रतिमाओं और आसपास के क्षेत्रों की विशेष साफ-सफाई कराने को कहा।

गांधी के प्रिय भजनों का होगा गायन

डीएम ने दो अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रमों में महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन कराने के निर्देश दिए। साथ ही गांधी और शास्त्री के जीवन एवं विचारों से लोगों को परिचित कराया जाएगा। राष्ट्रीय एकता और अखंडता, सादा जीवन-उच्च विचार, मितव्ययिता, भाईचारा और सर्वधर्म समभाव जैसे संदेशों को कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने को कहा गया।

गांव और वार्डों में चलेगा स्वच्छता अभियान

ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में चयनित गांवों एवं वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। शहीद स्थलों पर भी पूर्व की तरह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीएम ने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों में स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता, अहिंसा और जनसेवा का संदेश प्रमुखता से देने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ अंजुलता, एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ, एडीएम वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, एएसपी आलोक सिंह, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रमोद सिंह, पीडी डीआरडीए मुनेश चंद्र और जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleपीएम आवास के लंबित आवेदनों की जल्द पूरी करें जांच : डीएम डूडा की योजनाओं की समीक्षा, स्वनिधि में ऋण आवेदन बढ़ाने और लाभार्थियों को बैंकों तक पहुंचाने के निर्देश
Next articleफरियादियों के सामने ही अफसरों को लगाया फोन, बोले- शिकायत का सिर्फ कागजी निस्तारण नहीं डीएम दीपक मीणा ने सुनीं जनसमस्याएं, स्थलीय जांच वाले मामलों में मौके पर जाकर कार्रवाई के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here