नवागत डीएम अनुज मलिक ने संभाला कार्यभार
जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
संतकबीरनगर। नवागत जिलाधिकारी अनुज मलिक ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर डबल लॉक में जरूरी अभिलेखों पर हस्ताक्षर कर जिलाधिकारी का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी और वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल मौजूद रहे।
2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं अनुज मलिक
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट कक्ष में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अनुज मलिक इससे पहले गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी और कुशीनगर की मुख्य विकास अधिकारी समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन हो
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शासन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने और विभागीय कार्यों में प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही न हो
अनुज मलिक ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाए और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। जनसमस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिम्मेदारी और सहयोग से काम करने की अपेक्षा
डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और आपसी सहयोग के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।















