गैंगस्टर की 8.50 लाख की चार पहिया वाहन कुर्क
लूट, हत्या के प्रयास और मारपीट समेत कई मुकदमों में नामजद अमरजीत सिंह पर कार्रवाई
गोरखपुर। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़ताल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी अमरजीत सिंह की करीब 8.50 लाख रुपये कीमत की चार पहिया वाहन कुर्क की है। जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपराध से अर्जित संपत्ति का आरोप
पुलिस के अनुसार, अमरजीत सिंह पुत्र हनुमंत सिंह, निवासी केशवाखोर, थाना बांसगांव पर गैंग बनाकर लूट, हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे अपराधों में संलिप्त होने के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति को चिन्हित कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, अमरजीत सिंह के खिलाफ रामगढ़ताल और सहजनवां थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। वर्ष 2024 में रामगढ़ताल थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था।
अवैध संपत्तियों पर आगे भी कार्रवाई
रामगढ़ताल पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर एक्ट से जुड़े आरोपियों की अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।















