राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण 17 सितंबर से शुरू होगी ईवीएम की एफएलसी, पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ डीएम ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण

17 सितंबर से शुरू होगी ईवीएम की एफएलसी, पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर

रायबरेली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयर हाउस की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने लॉगबुक, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 सितंबर से ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) शुरू होगी। इसे लेकर वेयर हाउस में की गई तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एफएलसी के दौरान निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। वेयर हाउस की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Previous articleसेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को डीएम ने परखा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here