सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को एडीएम सिटी ने परखा
सभी ईओ के साथ बैठक कर ली अब तक की तैयारियों की जानकारी, व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने जिले के सभी अधिशासी अधिकारियों (ईओ) के साथ बैठक की। उन्होंने नगर निकायों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के तहत अब तक हुई तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली।
एडीएम सिटी ने कहा कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। नगर निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पौधरोपण, स्वास्थ्य जांच, पदयात्रा और जनजागरूकता समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने 17 सितंबर को होने वाले अभियान के शुभारंभ की तैयारियों की भी समीक्षा की। इस दौरान स्वच्छता, पौधरोपण, श्रमदान और स्वास्थ्य जांच जैसे कार्यक्रम होंगे। शाम को प्रमुख स्थानों और बूथ क्षेत्रों में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
एडीएम सिटी ने सभी ईओ को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने को कहा। शिविरों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कूड़ा निस्तारण, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। एडीएम सिटी ने अधूरी तैयारियां अभियान शुरू होने से पहले पूरी कराने और कार्यक्रमों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।















