अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार
चार पिस्टल, रिवाल्वर और कारतूस बरामद, एमपी-हरियाणा से हथियार लाकर पूर्वांचल में करते थे सप्लाई
गोरखपुर। कैंट थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और एसटीएफ फील्ड यूनिट ने अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी के गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इनके कब्जे से .32 बोर की चार पिस्टल, चार मैगजीन, एक रिवाल्वर और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी मध्य प्रदेश के बड़वानी और हरियाणा के सोनीपत से हथियार खरीदकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे।
पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर की रात सूचना के आधार पर पैडलेगंज से मोहद्दीपुर की ओर जाने वाली सड़क पर विंध्यवासिनी पार्क गेट के पास घेराबंदी की गई। रात करीब 10:20 बजे पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में असलहे और कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रेयांश यादव उर्फ बबलू, अजीत यादव, अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, अभिषेक प्रजापति उर्फ अभी और राहुल गुप्ता के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर एमपी और हरियाणा से हथियार खरीदकर पूर्वांचल के जिलों में बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। बरामदगी के आधार पर कैंट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 505/2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















