स्वास्थ्य कार्यक्रमों की खराब प्रगति पर मंडलायुक्त नाराज
15 दिन में देनी होगी प्रगति रिपोर्ट, ओपीडी में कमी के कारण तलाशने के निर्देश
गोरखपुर। मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को मंडलीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। विभिन्न इंडिकेटरों में खराब प्रगति और संतोषजनक कारण न बताए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पहले सभी इंडिकेटरों में सुधार करने और हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने योजनाओं की समीक्षा में वास्तविक और अद्यतन आंकड़े प्रस्तुत करने पर जोर दिया। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ मांग, आपूर्ति और वितरण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। पिछले वर्ष की तुलना में ओपीडी में आई कमी पर उन्होंने इसके वास्तविक कारणों की जांच कर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने और जननी सुरक्षा योजना की लंबित प्रोत्साहन राशि का समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एनआरसी में कुपोषित बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार और पोषण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं को गर्भवती महिलाओं व गंभीर मरीजों तक समय से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















