17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की समीक्षा, विभागवार जिम्मेदारियां तय; पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर रविवार को एनेक्सी भवन सभागार में समीक्षा बैठक हुई। प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने अभियान की तैयारियों और विभागवार जिम्मेदारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जिले की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गांव से लेकर बूथ स्तर तक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान स्वच्छता, पौधरोपण, श्रमदान, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता यात्राएं और विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 17 सितंबर को विशेष कार्यक्रमों के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। शाम को प्रमुख स्थानों और बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
डीएम ने बताया कि डीएम और एसएसपी को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयुष्मान कार्ड से वंचित पात्र लोगों को चिन्हित कर एक सप्ताह में कार्ड उपलब्ध कराने का सुझाव भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने दिया।
बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ला, श्रीराम चौहान, महेंद्र पाल सिंह, एसएसपी डॉ. कोस्तुभ, नगर आयुक्त अजय जैन, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।















